निदान से नगरीय क्षेत्रों में समस्याओं का निराकरण हुआ आसान

नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया की पहल से साल 2020 में सवा लाख शिकायतें हुई दूर

रायपुर, 02 जनवरी 2021/ रायपुर का संतोष कुमार हो या बिलासपुर जितेन्द्र, रायगढ़ का दशरथ हो या राजनांदगांव का दिनेश कुमार, नगरीय प्रशासन द्वारा आम नागरिकों के लिए जारी की गई टोल फ्री नंबर निदान-1100 के माध्यम से बड़ी आसानी से मुहल्लों की समस्याएं सुलझ रही है। निदान में कॉल करके आम नागरिक आसानी छोटी-छोटी समस्याओं को दूर कर रहे हैं। शिकायतों को सुनने और समय पर निराकरण करने की व्यवस्था से आम नागरिकों को कार्यालय का चक्कर भी नहीं काटना पड़ता। टोल फ्री नंबर 1100 में कॉल करते ही शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को दर्ज कर संबंधित क्षेत्र के अधिकारियों को समस्या बता दी जाती है और समय पर कार्यवाही हेतु निर्देशित किया जाता है। समय पर की जा रही कार्यवाही का परिणाम है कि साल 2019 की अपेक्षा 2020 में टोल फ्री नंबर 1100 में कम शिकायत दर्ज हुई है। 2019 में जहां 1 लाख 58 हजार 131 शिकायत दर्ज कर कार्यवाही की गई थी, वहीं इस साल 2020 में 1 लाख 23 हजार 594 शिकायत दर्ज की गई है। नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया स्वयं भी निदान-1100 में की जा रही कार्यवाही की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों से लेते रहते हैं।

निदान 1100 के माध्यम से फोन कर नगरीय निकायों से संबंधित किसी भी समस्या की शिकायत आसानी से दर्ज कराई जा सकती है। यह एक ऐसी व्यवस्था है जिसमें शिकायतकर्ता के संतिष्ट के बाद ही शिकायतों को निराकृत माना जाता है। इसमें लापरवाही करने पर अधिकारियों पर जुर्माना भी लगाया जाता है। निदान के माध्यम से रायपुर नगर निगम में इस साल 44 हजार 950 शिकायतें दर्ज की गई। भिलाई में 37 हजार 842, बिलासपुर में 9967, दुर्ग में 6590, बीरगांव में 1594, रिसाली मं 2133, राजनांदगांव में 1998 शिकायते दर्ज की गई। सभी शिकायतों का समय पर निराकरण भी किया गया। नगर निगमवार देखा जाए तो सबसे अधिक शिकायत रायपुर में दर्ज की गई। निदान क माध्यम से हो रही त्वरित कार्यवाही पर नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि आम नागरिकों की समस्याओं का निराकरण समय पर सुनिश्चित हो। निदान के माध्यम से जितनी शिकायतें दर्ज होगी, सभी का निराकरण समय पर करने का निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *